तनोडिया और पालखेड़ी में बिजली कटौती से आक्रोश: ग्रामीणों ने इंदौर-कोटा हाईवे पर दो जगह किया चक्का जाम, हनुमान चालीसा का पाठ भी किया शुरू

तनोडिया और पालखेड़ी में बिजली कटौती से आक्रोश: ग्रामीणों ने इंदौर-कोटा हाईवे पर दो जगह किया चक्का जाम, हनुमान चालीसा का पाठ भी किया शुरू

राजकुमार – आगर मालवा: पवित्र नवरात्रि के पावन पर्व के बीच अघोषित बिजली कटौती से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। तनोडिया के ग्रामीणों के साथ-साथ पालखेड़ी गांव के ग्रामीणों ने भी अघोषित बिजली कटौती से परेशान होकर चक्का जाम कर दिया, एक ही रोड पर मात्र 10 किलोमीटर के दायरे में दो अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन से इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया, इस दोहरे प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।

तनोडिया के ग्रामीणों का मुख्य आरोप है कि नवरात्रि के दौरान ठीक माता की आरती के समय (रात्रि 8 बजे) बिजली विभाग द्वारा जानबूझकर बिजली काट दी जाती है, जिससे धार्मिक अनुष्ठान और आरती में भारी बाधा आ रही है। तो वहीं पालखेड़ी के ग्रामीण अघोषित बिजली कटौती के कारण सिंचाई व अंधेरे में जीवन व्यापन से परेशान है, इसी मनमानी कटौती से नाराज होकर दोनों गांवों के लोग सड़कों पर उतर आए और बीच सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया। अधिकारी दोनों जगहों पर पहुंचकर नाराज ग्रामीणों को समझाइश देने और हाईवे का यातायात सुचारू कराने के लगातार प्रयास कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक दोनों स्थानों पर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच वार्तालाप जारी थी।

You cannot copy content of this page