राजकुमार – आगर मालवा: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में 9 अक्टूबर को ‘बलराम कृषि महोत्सव’ का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा जिले से वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद किया। कार्यक्रम में अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, राजगढ़ सांसद रोडमल नागर और आगर विधायक मधु गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान मध्य प्रदेश जनसंपर्क संचालनालय द्वारा तैयार की गई जिले की ‘विकास गाथा’ पुस्तिका का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम के समापन के बाद जब अधिकारी और जनप्रतिनिधि लौटने लगे, तब राजगढ़ सांसद रोडमल नागर की वहां मौजूद किसानों से चर्चा हुई।
इस दौरान किसानों ने क्षेत्र में बिजली की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उनके सामने रखा।किसानों की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि “बिजली समस्या अभी है कुछ समय के लिए…” इतना कहते ही उन्होंने वहां वीडियो बना रहे एक किसान को तुरंत वीडियो बंद करने और मोबाइल नीचे करने को कहा। सांसद का यह बयान और किसानों को वीडियो बनाने से रोकने का यह वाकया अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
