आगर मालवा। जिले के नलखेड़ा से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह का बचा हुआ (वेस्टेज) खाना खुले में फेंकने के कारण उसे खाने से 5 गौवंश की मौत हो गई है, जबकि 16 अन्य गौवंश गंभीर रूप से बीमार हैं। बीमार गौवंश का उपचार फिलहाल पशु चिकित्सालय में चल रहा है। इस घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों ने मंगलवार को नगर के शिवाजी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया और “थाना प्रभारी शशि उपाध्याय” को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों द्वारा थाना प्रभारी को सौंपे गए शिकायती आवेदन के अनुसार, एक-दो दिन पूर्व नलखेड़ा निवासी अयान पिता अली हुसैन लखेरा के यहां शादी समारोह था। कार्यक्रम में शाकाहारी और मांसाहारी (वेज एवं नॉनवेज) दोनों प्रकार का भोजन बनवाया गया था। आरोप है कि समारोह समाप्त होने के बाद बचे हुए भोजन को सुरक्षित स्थान पर डिस्पोज (नष्ट) करने के बजाय खुले में ही फेंक दिया गया।
खुले में पड़े इस सड़े-गले भोजन को क्षेत्र में विचरण करने वाले गौवंश ने खा लिया। विषाक्त भोजन खाने से गौवंश की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके चलते अब तक 5 गौवंश दम तोड़ चुके हैं। वहीं, 16 गौवंश की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है, जिनका पशु चिकित्सकों की देखरेख में इलाज जारी है।
गौवंश की मौत की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया। मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने शिवाजी चौराहे पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
