आगर मालवा। जिले के ग्राम पंचायत भ्याना में शुक्रवार को आयोजित जन विश्वास शिविर उस समय अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया, जब समय पर अधिकारी ही मौके पर नहीं पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविर का समय सुबह 11:00 बजे तय किया गया था, लेकिन दोपहर के 1:00 बजे तक भी कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे।
अपनी समस्याओं के समाधान की आस लेकर आए सैकड़ों ग्रामीण सुबह 11:00 बजे से ही पंडाल में आकर बैठ गए थे। तपती धूप और भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण घंटों तक कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का इंतजार करते रहे।शिविर में व्यवस्थाओं की कमी और अधिकारियों की देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना था कि प्रशासन जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के दावे तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। दोपहर तक अधिकारियों के न पहुंचने से ग्रामीणों को बिना काम कराए ही परेशान होना पड़ा।
