राजकुमार – आगर-मालवा: जिले में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर की पुरानी कृषि उपज मंडी स्थित पुराने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के परिसर में अब नवीन यातायात थाने का संचालन शुरू हो गया है। बुधवार को एसपी दिलीप कुमार सोनी ने फीता काटकर इस नए यातायात थाने का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर एसपी दिलीप कुमार सोनी ने थाने के नए स्वरूप का निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने और आम नागरिकों को सुगम यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह नया थाना अहम साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान यातायात थाना प्रभारी सौरभ चौहान, आगर कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव, अजाक थाना प्रभारी अक्षय सिंह बैस सहित जिले के कई अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नए थाने के शुभारंभ पर हर्ष व्यक्त किया।
गौरतलब है कि पुराने एसपी कार्यालय के स्थान पर यातायात थाना संचालित होने से अब शहरवासियों को यातायात से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ और केंद्रीकृत स्थान मिल गया है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में और अधिक कसावट आएगी।
