आगर में पेयजल लाइन से घर-घर पहुंचा डीजल युक्त पानी, मचा हड़कंप, पेट्रोल पंप की पाइपलाइन लीकेज होने से नगर पालिका की जल सप्लाई हुई दूषित, हल्के हरे-पीले रंग और तेज बदबू वाले पानी से घरों की टंकियां और बर्तन हुए खराब

आगर में पेयजल लाइन से घर-घर पहुंचा डीजल युक्त पानी, मचा हड़कंप, पेट्रोल पंप की पाइपलाइन लीकेज होने से नगर पालिका की जल सप्लाई हुई दूषित, हल्के हरे-पीले रंग और तेज बदबू वाले पानी से घरों की टंकियां और बर्तन हुए खराब

राजकुमार – आगर-मालवा। जिला मुख्यालय के छावनी क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका की पेयजल लाइन से पीने के पानी के साथ डीजल लोगों के घरों तक पहुंच गया। नल चालू करते ही हल्के हरे-पीले रंग का बदबूदार और चिकनाई युक्त पानी देख रहवासी हैरान रह गए। पानी में डीजल की मात्रा इतनी अधिक थी कि वह पीने तो दूर, दैनिक उपयोग के लायक भी नहीं बचा।

टंकियां और बर्तन हुए खराब, रहवासियों में आक्रोश – क्षेत्र के रहवासियों ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों से पानी में हल्की गंध आ रही थी, लेकिन शनिवार सुबह समस्या ने गंभीर रूप ले लिया। दूषित पानी सप्लाई होने से लोगों की छतों पर रखी पानी की टंकियां और घरों के बर्तन भी खराब हो गए हैं, जिनसे डीजल की तेज दुर्गंध आ रही है। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय निवासियों में खासा आक्रोश देखा गया।

पेट्रोल पंप की लाइन लीकेज से हुआ रिसाव – मामले की जानकारी देते हुए आगर नगर पालिका सीएमओ कुशल सिंह दौडवें ने बताया कि आगर-सारंगपुर मार्ग स्थित शासकीय जल घर के समीप बालाजी पेट्रोल पंप की डीजल लाइन लीकेज हो गई थी। इससे भारी मात्रा में डीजल का रिसाव हुआ और यह नगर पालिका की पाइपलाइन के माध्यम से मुख्य संपवेल और कुएं में जा मिला। इसी के चलते सुबह नलों के जरिए डीजल मिश्रित पानी की सप्लाई हो गई।

टैंकरों से की जाएगी पेयजल की व्यवस्था – स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से संबंधित लाइन की सप्लाई रोक दी है और रहवासियों को इस दूषित पानी का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी है। सीएमओ के अनुसार, जब तक पाइपलाइन और जल स्रोत की पूरी तरह सफाई नहीं हो जाती, तब तक प्रभावित क्षेत्रों में नगर पालिका के टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।

You cannot copy content of this page