राजकुमार – आगर मालवा। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी आगर जिला मुख्यालय पर ‘जय भवानी ग्रुप’ द्वारा भव्य चुनर यात्रा का गरिमामय आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन का यह 20वां वर्ष था, जो पिछले 19 वर्षों से लगातार सफलतापूर्वक आयोजित होता आ रहा है।
चुनर यात्रा का भव्य शुभारंभ नगर की पुरानी कृषि उपज मंडी से हुआ। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुफा बर्डा स्थित प्रसिद्ध मां तुलजा भवानी मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा माता रानी को 51 मीटर की चुनर अर्पित की जाएगी।
इस यात्रा की मुख्य विशेषता आगर नगर के सभी गरबा मंडलों की बालिकाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। बालिकाओं ने पारम्परिक परिधानों में धार्मिक और भक्ति गीतों पर आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत करते हुए संपूर्ण वातावरण को धर्ममय बना दिया। नगरवासियों ने भी अपार उत्साह दिखाते हुए मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
आयोजकों ने बताया कि चुनर यात्रा के सफल समापन के पश्चात गुफा बर्डा मंदिर परिसर में विशाल कन्या भोज का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और बालिकाएं सहभागिता करेंगी।
