राजकुमार – आगर मालवा। शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार को जुआ-सट्टा खिलवाने वाले तीन सटोरियों को रंगे हाथों धर दबोचा। सोशल मीडिया पर आगर बस स्टैंड के पीछे जुआ-सट्टा संचालित होने का वीडियो वायरल होने और ‘द हिंद न्यूज’ में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आया।एसडीओपी नीलम बघेल के कुशल नेतृत्व में गठित टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने कानून का डर काबिज़ करने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से आरोपियों का बस स्टैंड परिसर में ही पैदल जुलूस निकाला।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के मुंह से “सट्टा लिखना पाप है.. पुलिस हमारी बाप है..” के नारे भी लगवाए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
एसडीओपी नीलम बघेल ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार या समाज विरोधी गतिविधियां कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। अवैध जुआ-सट्टा, नशे के व्यापार और गुंडागर्दी पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा शहर के संवेदनशील इलाकों में लगातार मॉनिटरिंग और गश्त बढ़ाई जा रही है।
