मुड़वारा स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय लाइसेंसी पर लगा अर्थदंड, सुधार होने तक नहीं वसूल सकेगा शुल्क।

प्रवीण कुमार – कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन में यात्री प्रतीक्षालय का एसी बंद होने से यात्रियों को परेशानी होने और यात्रियों से शुल्क वसूले जाने की जानकारी संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा इसकी त्वरित जांच व नियमानुसार कार्यवाही कराकर यात्रियों को राहत पहुंचाई गई है। साथ ही कलेक्टर के निर्देश पर प्रतीक्षालय के लाइसेंसी पर रेलवे द्वारा अर्थदंड भी लगाया गया है।

क्षेत्रीय प्रबंधक पमरे से कराई जांच – कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन में प्रतीक्षालय का एसी बंद होने के बाद भी यात्रियों से शुल्क वसूले जाने की जानकारी मीडिया के माध्यम से कलेक्टर और जिला दंडाधिकारी प्रसाद के संज्ञान में आने पर उनके द्वारा इसे गंभीरता से लिया गया। उन्होंने तत्काल इसकी जांच कर नियमानुसार कार्यवाही के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक नई कटनी जंक्शन पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर मंडल को निर्देशित किया। निर्देशों के परिपालन में क्षेत्रीय प्रबंधक नई कटनी जंक्शन पमरे द्वारा जांच कराई गई, जिसमें प्रतीक्षालय की सप्लाई फॉल्ट होने के कारण एसी बंद होने की जानकारी सामने आई। जिसके बाद इसे सेवा में कमी पाते हुए रेलवे द्वारा प्रतीक्षालय के लाइसेंसी पर नियमानुसार अर्थदंड लगाया गया है। साथ ही जब तक एसी कार्य नहीं करता तब तक यात्रियों से शुल्क न वसूले जाने निर्देशित किया है। कलेक्टर कटनी प्रसाद के निर्देश पर रेलवे द्वारा की गई इस कार्यवाही से यात्रियों को राहत मिली है।

Leave a Reply