ढाबे की आड़ में जमीन में गड्ढा खोद छुपा रखी थी अवैध शराब, आबकारी विभाग ने की 1.20 लाख की शराब जब्त, ढाबे की आड़ में शराब तस्करी का कामकाज

ढाबे की आड़ में जमीन में गड्ढा खोद छुपा रखी थी अवैध शराब, आबकारी विभाग ने की 1.20 लाख की शराब जब्त, ढाबे की आड़ में शराब तस्करी का कामकाज

राजकुमार – आगर-मालवा। आगर आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आगर-सुसनेर मार्ग स्थित “मां भवानी” ढाबे पर दबिश देकर लगभग 1.20 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की है। ढाबे की आड़ में लंबे समय से शराब तस्करी का काला कारोबार चलाया जा रहा था, जिसका आबकारी टीम ने मंगलवार को भंडाफोड़ कर दिया।

प्लास्टिक के ड्रम में गाड़ रखी थी शराब – कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने जब ढाबे पर दबिश दी, तो शुरुआती तलाशी में मौके से कुछ शराब बरामद हुई। इसके बाद पकड़े गए आरोपी से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि बाकी शराब को जमीन के अंदर एक बड़ा गड्ढा खोदकर, प्लास्टिक के ड्रम में छुपाकर रखा गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गड्ढा खुदवाकर विभिन्न कंपनियों की अवैध शराब बरामद की।

एक आरोपी गिरफ्तार, ढाबा संचालक फरार – कार्रवाई के दौरान मौके से एक आरोपी ईश्वर (पिता शंकर लाल नायक), निवासी मास्टर कॉलोनी आगर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, ढाबा संचालक पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका – इस सफल दबिश और जब्ती की कार्रवाई में आबकारी सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह डामोर, सब-इंस्पेक्टर वैभव ठाकुर, आरक्षक दीनबंधु पाटीदार, गौरव जड़ेजा, सुनील कुमार, योगेंद्र सिंह पंवार, पूजा परमार और भावेश चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

You cannot copy content of this page