आगर में कलेक्टर की कार्यशैली से नाराज पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीणा को हटाने की मांग

आगर में कलेक्टर की कार्यशैली से नाराज पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीणा को हटाने की मांग

राजकुमार – आगर-मालवा। जिले में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की कार्यशैली को लेकर पत्रकारों की नाराजगी अब मुख्यमंत्री तक पहुंच गई है। रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगर प्रवास के दौरान हेलीपैड पर जिले के पत्रकारों ने उनसे मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और कलेक्टर को आगर-मालवा से हटाने की मांग की।

पत्रकारों का आरोप है कि जिले में प्रशासन और मीडिया के बीच संवादहीनता और समन्वय का भारी अभाव बना हुआ है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रशासन और मीडिया जनहित के लिए समानांतर काम करते हैं, लेकिन वर्तमान में कलेक्टर की कार्यशैली के कारण दोनों के बीच दूरियां लगातार बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने से पहले जिले के पत्रकारों की एक बैठक भी आयोजित की गई थी। इस बैठक में कलेक्टर के कथित उपेक्षापूर्ण व्यवहार और संवादहीनता पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद सर्वसम्मति से कलेक्टर के कार्यव्यवहार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया था।ज्ञापन में पत्रकारों ने स्पष्ट कहा कि जिले में हमेशा से अधिकारियों और मीडिया के बीच सहज संवाद की परंपरा रही है। प्रशासन के निर्णयों और सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, ऐसे में संवादहीनता की स्थिति उचित नहीं है।

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना को जिले से स्थानांतरित कर किसी ऐसे अधिकारी की पदस्थापना की जाए, जो प्रशासन, मीडिया, जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य कर सके। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अब यह मामला शासन के शीर्ष स्तर तक पहुंच गया है।

You cannot copy content of this page