इतिहास में पहली बार: आगर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा के खिलाफ भारतीय किसान संघ ने पास किया निंदा प्रस्ताव, जिले के 13 साल के इतिहास में पहला मामला; किसानों में फूट डालने और असंवेदनशील रवैये के गंभीर आरोप

इतिहास में पहली बार: आगर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा के खिलाफ भारतीय किसान संघ ने पास किया निंदा प्रस्ताव, जिले के 13 साल के इतिहास में पहला मामला; किसानों में फूट डालने और असंवेदनशील रवैये के गंभीर आरोप

आगर मालवा। भारतीय किसान संघ (भाकिसं) की जिला कार्यकारिणी बैठक में आगर मालवा के 12वें कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा के खिलाफ सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया है। किसान संघ ने कलेक्टर पर किसानों की समस्याओं के प्रति नकारात्मक और असंवेदनशील रवैया अपनाने तथा किसानों में फूट डालने का गंभीर आरोप लगाया है। वर्ष 2013 में आगर मालवा के जिला बनने के बाद से अब तक 11 कलेक्टर अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, लेकिन यह पहली बार है जब पदभार ग्रहण करने के महज कुछ ही महीनों के भीतर किसी प्रशासनिक प्रमुख के खिलाफ इस तरह का निंदा प्रस्ताव पास हुआ है।

वार्ता में अनदेखी और ‘भड़काने’ का आरोपप्रस्ताव पारित करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में किसान संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि 2 सितंबर को किसानों की प्रमुख समस्याओं को लेकर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा के साथ एक आधिकारिक चर्चा हुई थी। इस बैठक में संघ ने मुख्य रूप से 2025 की फसल बीमा राशि के भुगतान सहित किसानों की अन्य ज्वलंत मांगें रखी थीं।किसान प्रतिनिधियों का आरोप है कि कलेक्टर ने समस्याओं का समाधान करने के बजाय उल्टा किसान नेताओं पर ही किसानों को भड़काने का बेबुनियाद आरोप लगा दिया।

मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजा प्रस्ताव – कलेक्टर के इस रवैये से आक्रोशित किसान संघ ने पुलिस अधीक्षक (SP) के माध्यम से अपना निंदा प्रस्ताव मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजा है। संघ ने मांग की है कि जो अधिकारी आम जनता और किसानों की समस्याओं को सुनने में रुचि न रखे, उसे तुरंत जिले से हटाया जाए।

17 सितंबर को तालाबंदी की चेतावनी – भारतीय किसान संघ ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस निंदा प्रस्ताव के बाद भी जिले की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और किसानों की मांगें नहीं मानी गईं, तो 17 सितंबर को उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव और तालाबंदी की जाएगी।

इनका कहना है: मुझे इस निंदा प्रस्ताव पारित होने की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। डॉ. शेर सिंह मीणा, कलेक्टर, आगर मालवा

You cannot copy content of this page