राजकुमार – आगर-मालवा। ईंट-भट्टों पर मजदूर सप्लाई करने के नाम पर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का एक अनोखा मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश निवासी एक शातिर बिचौलिए सलीम खान पिता मकसूद ने मध्य प्रदेश और यूपी—दो राज्यों की पुलिस और आम नागरिकों के नाक में दम कर रखा है। आरोपी बिचौलिया आगर जिले के 15 से 20 ईंट-भट्ठा संचालकों को चूना लगाकर रफूचक्कर हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सलीम खान ने आगर मालवा जिले के ईंट-भट्ठा संचालकों से उत्तर प्रदेश से सस्ते मजदूर उपलब्ध कराने का सौदा किया था। इसके लिए बकाया कानूनी लिखापढ़ी एग्रीमेंट भी की गई। बिचौलिए ने मजदूरों के एडवांस भुगतान के नाम पर भट्ठा मालिकों से करीब 40 लाख रुपये वसूल लिए।
आरोपी मजदूर तो ले आया और उन्हें भट्ठा संचालकों के सुपुर्द कर दिया, लेकिन भट्ठा मालिकों से ली गई मोटी रकम उसने मजदूरों को नहीं दी और खुद फरार हो गया।
मामले में मोड़ तब आया जब आरोपी सलीम खान ने खुद को बचाने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए उत्तर प्रदेश में शिकायत दर्ज करा दी। उसने आरोप लगाया कि आगर मालवा के ईंट-भट्ठा संचालकों ने यूपी के मजदूरों को बंधक बनाकर रखा हुआ है। इस शिकायत के आधार पर जब पुलिस की टीम जांच के लिए भट्ठा संचालकों के ठिकानों पर पहुंची, तो मौके पर हड़कंप मच गया। झूठी शिकायत और लाखों की ठगी से परेशान सभी ईंट-भट्ठा संचालक ठगे गए मजदूरों को साथ लेकर आधी रात को आगर कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हाईवे और टोल प्लाजा पर लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार बिचौलिए की लोकेशन ट्रेस की जा सके।
