राजकुमार – आगर-मालवा। जिले की कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए खूंखार अंतरराज्यीय ‘चड्डी-बनियान’ चोर गिरोह के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि 22-23 अगस्त की दरमियानी रात अटल कॉलोनी स्थित एक सुनसान मकान का ताला तोड़कर नगदी व जेवरात चोरी किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी रविंद्र कुमार बोयट, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह और थाना प्रभारी नागेश यादव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
CCTV फुटेज और टोल नाकों से मिला सुराग – विवेचना अधिकारी निरीक्षक दिलीप कटारा और टीम ने आगर सहित कई जिलों में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। सैकड़ों CCTV कैमरों और टोल नाकों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को धार जिले के छढ़ावत निवासी कैल सिंह भील के संबंध में अहम सुराग मिले। पुलिस ने 12 सितंबर को कैल सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट से 10 दिन का रिमांड हासिल किया।
रिमांड में उगला राज, बहन के घर से माल बरामद – कठोर पूछताछ में कैल सिंह ने स्वीकार किया कि उसने पिछले साल दशहरा से ठीक पहले विनायक सिटी और अरिहंत वैली में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 18 सितंबर को उसकी बहन रायकु बाई (निवासी ग्राम पोहा, अलीराजपुर) को गिरफ्तार किया, जिसने चोरी का माल अपने घर में छिपा रखा था।
“
9 लाख रुपये का जेवर जब्त – पुलिस ने तीनों वारदातों से संबंधित करीब 4.5 तोला सोना (कीमत ₹7.50 लाख) और 650 ग्राम चांदी (कीमत ₹1.50 लाख) बरामद की है। फिलहाल गिरोह के अन्य 5 फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
