आगर-मालवा जिले की नलखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम ठिकरिया में शासकीय सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर उपजे विवाद में नलखेड़ा थाना प्रभारी (TI) शशि उपाध्याय ने अपनी कार्यकुशलता और निष्पक्ष पुलिसिंग का परिचय देते हुए त्वरित कार्रवाई की है। अवकाश से ड्यूटी पर लौटते ही उन्होंने मामले की गंभीरता को समझा और बिना किसी दबाव के दोनों पक्षों की शिकायतों पर तत्काल प्रकरण (FIR) दर्ज कर कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम ठिकरिया में शासन द्वारा 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक मांगलिक भवन स्वीकृत किया गया है। बीते 14 नवंबर को जब जनपद पंचायत सीईओ, सहायक यंत्री, सरपंच और सचिव सहित अन्य अधिकारी निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे, तभी ग्रामीणों के बीच भवन निर्माण को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने लाठी-डंडे और हथियारों के बल पर शासकीय भूमि पर निर्माण कार्य रोकने की धमकी दी और बात जातिगत गाली-गलौज व मारपीट तक पहुंच गई।
घटना के दिन थाना प्रभारी शशि उपाध्याय अवकाश पर थीं, जिसके चलते शुरुआती औपचारिकताओं में थोड़ा समय लगा। सोमवार को दलित समाज के लोगों ने आगर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए मोर्चा संभाला। उन्होंने न केवल दोनों पक्षों की बात को गंभीरता से सुना, बल्कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ विधि सम्मत FIR दर्ज की। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए TI शशि उपाध्याय द्वारा उठाए गए इस त्वरित और निष्पक्ष कदम की क्षेत्रवासियों व प्रबुद्धजनों द्वारा सराहना की जा रही है।
