आगर मालवा में चूड़ी खरीदने को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; CCTV में कैद हुई घटना, क्रॉस केस दर्ज

आगर मालवा में चूड़ी खरीदने को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; CCTV में कैद हुई घटना, क्रॉस केस दर्ज

राजकुमार – आगर मालवा। नगर के मालीखेड़ी रोड स्थित एक चूड़ी की दुकान पर गुरुवार (1 अक्टूबर) की रात चूड़ी खरीदने की बात को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दुकान में दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद जमकर मारपीट हुई। यह पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है। मामले में दोनों पक्षों ने कोतवाली थाना पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला पक्ष: दुकानदार का आरोप – बहस के बाद डंडे और चाकू से हमलादुकानदार राहुल गुप्ता की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात एक महिला और पुरुष उनकी दुकान पर चूड़ी खरीदने आए थे। राहुल का कहना है कि उन्होंने दुकान होलसेल की होने की बात कही, लेकिन फिर भी वे चूड़ी लेने की जिद करने लगे। 300 रुपये की चूड़ी के 200 रुपये देने की बात पर सहमति नहीं बनी, तो महिला ने चूड़ी और एक बॉक्स फेंककर तोड़ दिया। राहुल का आरोप है कि इसके बाद जाकिर नाम का व्यक्ति डंडा लेकर आया और बाहर खड़े अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए राहुल के भाई रितेश और कर्मचारी जितेंद्र के साथ भी मारपीट की गई तथा जितेंद्र को चाकू दिखाकर धमकाया गया। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में दुकानदार हाथ जोड़कर समझाता हुआ भी दिखाई दे रहा है।

दूसरा पक्ष: खरीदार का आरोप – विवाद के बाद लाठी-डंडों से पीटावहीं, दूसरे पक्ष के फय्यूम की ओर से दर्ज कराई गई FIR में कहानी अलग बताई गई है। फय्यूम के अनुसार, जाकिर अपनी पत्नी रीना के साथ चूड़ी खरीदने गया था। रीना को चूड़ी पसंद नहीं आई, तो उसने चूड़ी वहीं फेंक दी। आरोप है कि इसी बात पर दुकानदार राहुल गुप्ता ने जाकिर को गालियां दीं और लकड़ी से मारपीट की। जब फय्यूम जाकिर को बचाने पहुंचा, तो कर्मचारी जितेंद्र ने डंडे से उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट में दोनों को चोटें आई हैं।

पुलिस जांच में जुटी – घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों को आधार बनाकर मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page