आगर मालवा। नगर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान दो अलग-अलग समूहों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंच गए। इस दौरान एक पक्ष गणेश जी की प्रतिमा को साथ लेकर ही थाने पहुंच गया। माहौल उस समय पुनः तनावपूर्ण हो गया जब पुलिस दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को थाने लेकर आई, जहाँ थाने के भीतर ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और हाथापाई होने लगी।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस बल ने समय रहते हस्तक्षेप किया और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गणेश विसर्जन के जुलूस को आगे बढ़ाया गया और विसर्जन की प्रक्रिया को शांतिपूर्वक पूरा कराया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जाँच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
