राजकुमार – आगर जिले के मुख्यालय में अवैध रूप से संचालित एक चांदी रिफाइनिंग फैक्ट्री पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा और सील कर दिया। यह फैक्ट्री शहर के बीचों-बीच एक रिहायशी इलाके में स्थित नाना बाजार खिरनी तकिया क्षेत्र में एक निजी मकान में चलाई जा रही थी, जिसके लिए किसी प्रकार की वैध अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर जब मौके पर दबिश दी गई, तो वहां बड़ी मात्रा में एसिड और अन्य खतरनाक रसायन पाए गए। इन रसायनों का भंडारण बिना किसी सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ था। पुलिस ने सभी रसायनों को जब्त कर लिया।

इसके साथ ही फैक्ट्री में उपयोग हो रही मशीनों को मौके पर ही सील करने की कार्रवाई की गई, ताकि अवैध गतिविधियों को तत्काल रोका जा सके। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

यह संपूर्ण कार्रवाई आगर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फैक्ट्री संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास इस प्रकार की कोई अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
