राजकुमार – आगर मालवा। लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पालखेड़ी के हल्का पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आगर बस स्टैंड क्षेत्र में की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगर निवासी फरियादी आशुतोष पिता अशोक ने अपनी जमीन से जुड़े इंदिरा दुरुस्ती और नक्शा सुधार के कार्य के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस काम के एवज में पटवारी द्वारा 60 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। फरियादी पहले ही 35 हजार रुपये दे चुका था, लेकिन इसके बावजूद उसका काम नहीं किया जा रहा था और पटवारी द्वारा 10 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि की मांग और की जा रही थी।रिश्वत की लगातार मांग से परेशान होकर फरियादी ने लोकायुक्त पुलिस की शरण ली। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और आगर बस स्टैंड पर जैसे ही फरियादी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत दी, टीम ने पटवारी और कोटवार को रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
₹10000 रिश्वत लेते हुए पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और संजय कुम्भकार को उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने आगर बस स्टैंड पर रंगे हाथों पकड़ा
