बाबा बैजनाथ बाईपास मार्ग: जेल के पास शासकीय जमीन पर अतिक्रमण, पक्के निर्माण और गुमटियों से कब्जे का खेल

बाबा बैजनाथ बाईपास मार्ग: जेल के पास शासकीय जमीन पर अतिक्रमण, पक्के निर्माण और गुमटियों से कब्जे का खेल

राजकुमार – आगर मालवा। जिला मुख्यालय स्थित बाबा बैजनाथ बाईपास मार्ग पर जेल के पास मौजूद बेशकीमती शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का सिलसिला तेज हो गया है। व्यस्त और प्रचलित मार्ग होने के कारण इस जमीन पर भू-माफियाओं व अतिक्रमणकारियों की नजर पड़ गई है, जिससे सरकारी संपत्ति के अस्तित्व पर संकट गहराता जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेल के समीप स्थित शासकीय भूमि पर धीरे-धीरे कब्जा जमाने की कोशिशें की जा रही हैं। अतिक्रमणकारियों द्वारा यहां पक्का निर्माण कार्य करने के साथ-साथ गुमटियां रखकर व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुरुआती दौर में छोटे स्तर पर शुरू हुआ यह अतिक्रमण यदि समय रहते नहीं रोका गया, तो आने वाले समय में पूरी शासकीय जमीन अवैध कब्जों की भेंट चढ़ सकती है।बाबा बैजनाथ बाईपास मार्ग शहर के प्रमुख और आवागमन वाले रास्तों में शुमार है, जिसके चलते यहां की जमीन का व्यावसायिक महत्व भी काफी अधिक है। इसी कारण अतिक्रमणकारी इस मार्ग के किनारे की सरकारी भूमि को हड़पने की फिराक में हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि खुलेआम हो रहे पक्के निर्माण और गुमटियों की स्थापना के बावजूद जिम्मेदार विभागों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन की कथित सुस्ती के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण किया जाए और शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए।

You cannot copy content of this page