45 लाख रुपए में मजदूरों का सौदा करने वाला आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा, 20 लाख रुपए कैश बरामद, करीब 40 ईंट भट्टा मालिकों को लगाया था चूना

45 लाख रुपए में मजदूरों का सौदा करने वाला आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा, 20 लाख रुपए कैश बरामद, करीब 40 ईंट भट्टा मालिकों को लगाया था चूना

आगर-मालवा। ईंट-भट्टों पर मजदूर सप्लाई करने के नाम पर दो राज्यों की पुलिस को चकमा देने वाले शातिर ठगी गिरोह का आगर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। करीब 40 ईंट-भट्ठा संचालकों से 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी आफताब (निवासी उत्तर प्रदेश) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 20 लाख रुपये नकद और 2 चेक बरामद किए गए हैं, जबकि मामले से जुड़े दूसरे फरार आरोपी सलीम की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

झूठी शिकायत कर पुलिस को उलझाया

मामले की शुरुआत में आरोपी बिचौलिए सलीम खान ने आगर जिले के 15 से 20 भट्ठा संचालकों को सस्ते मजदूर दिलाने का झांसा देकर एडवांस के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए थे। आरोपी मजदूर ले तो आया, लेकिन उन्हें रुपये दिए बिना खुद रकम लेकर रफूचक्कर हो गया। ठगी को छुपाने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए बिचौलिए ने यूपी में शिकायत दर्ज कराई कि आगर के भट्ठा मालिकों ने मजदूरों को बंधक बना रखा है।

आधी रात थाने पहुंचे पीड़ित और मजदूर

यूपी पुलिस की जांच टीम पहुंचते ही मौके पर हड़कंप मच गया। खुद को बेगुनाह साबित करने और ठगी का सच सामने लाने के लिए परेशान भट्ठा संचालक आधी रात को ही ठगे गए मजदूरों को साथ लेकर आगर कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगालते हुए सख्त कार्रवाई शुरू की।

20 लाख नकद बरामद, दूसरे आरोपी की तलाश जारी
गहन जांच के बाद आगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली और 45 लाख रुपये की ठगी के इस जालसाजी प्रकरण में शामिल आरोपी आफताब को दबोच लिया गया। पुलिस अब फरार चल रहे दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है, ताकि बची हुई रकम की बरामदगी की जा सके।

You cannot copy content of this page