आगर मालवा। जिला मुख्यालय के व्यस्ततम विजय स्तंभ चौराहे स्थित एक निजी पेट्रोल पंप पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने आई एक मारुति वैन में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि आग लगते ही वैन में सवार लोग तुरंत बाहर कूद गए, जिससे किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति अपनी मारुति वैन में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुँचा था। जैसे ही कर्मचारी ने पेट्रोल भरना शुरू किया, की गाड़ी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से इंजन में से आग की लपटें निकलने लगीं। और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। वैन को धधकता देख पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। तो वहीं पेट्रोल पंप पर कार्य कर रहे कर्मचारियों ने सहजता पूर्वक अग्निशमन यंत्र का प्रयोग कर प्रारंभिक रूप से आग पर काबू पाया और वेन को पेट्रोल पंप से धकेलते हुए बीच रोड पर लेकर पहुंचे जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसे के वक्त पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय दिया। व बिना डरे कर्मचारियों ने पंप पर मौजूद अग्निशमन यंत्रों का उपयोग शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर प्रारंभिक काबू पाया। सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल टीम भी मौके पर पहुँची और पूरी तरह आग को काबू में किया। समय रहते आग पर काबू पाने से पंप और आसपास के वाहनों को सुरक्षित बचा लिया गया।
