राज कुमार – आगर मालवा। एक 25 वर्षीय विवाहिता महिला के साथ नौकरी पर रखने के नाम पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मुस्लिम युवक अल्ताफ मुल्तानी के खिलाफ दुष्कर्म, लव जिहाद और अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम (अजा एक्ट) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पीड़िता अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि एक वर्ष पूर्व पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह काम की तलाश में एक स्थानीय मुस्लिम युवक के पास गई थी। युवक ने उसे नौकरी पर रखा और अपने निर्माणाधीन ऑफिस में ले जाकर पहली बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने नौकरी से निकालने और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने इस प्रकार कई बार दुष्कर्म किया और उज्जैन, इंदौर तथा घोसला जैसे अन्य स्थानों पर प्रॉपर्टी के काम के बहाने ले जाकर भी उसका शारीरिक शोषण किया। महिला ने पहले भी शिकायत की थी, लेकिन आरोपी द्वारा दबाव बनाकर समझौता करा लिया गया था।आरोपी महिला पर नाम बदलकर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव भी बना रहा था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म, लव जिहाद और अजा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
