आगर मालवा में गैस सिलेंडर लीकेज से भीषण आग, घर का सारा सामान जलकर राख, आग काबू पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की अहम भूमिका

आगर मालवा में गैस सिलेंडर लीकेज से भीषण आग, घर का सारा सामान जलकर राख, आग काबू पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की अहम भूमिका

आगर मालवा। जिला मुख्यालय स्थित अयोध्या बस्ती क्षेत्र में गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य घर में एक साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। अचानक सिलेंडर से गैस लीकेज होने पर आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान, फर्नीचर, कपड़े और एक बाइक भी उसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गए।

आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और इसकी सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही आगर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की गैस गंध आने पर तुरंत जांच कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

You cannot copy content of this page