कवि छोकर – सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को सीहोर में आयोजित कार्यक्रम में 113 करोड़ 45 लाख 59 हजार रूपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम आवास, कल्याणी पेंशन, परिवार सहायता, संबल, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभान्वित हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए।
इव अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सीहोर जिले के विकास के लिए अनेक घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास की दौड़ में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश एवं प्रदेश के निरंतर विकास की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों से 2600 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेंहू की खरीदी की जा रही है।

प्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। मध्यप्रदेश में आज 30 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और आने वाले 02 साल के भीतर प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का मान और सम्मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने देश के दुश्मनों को घर में घुसकर मारने का काम किया है, इस महान कार्य में देश की जनता ने भी सरकार का एकजुट होकर साथ दिया है। उन्होंने कहा कि जिओ और जीने दो की भावना के साथ भारत आगे बढ़ रहा है।
