ओमप्रकाश – आगर मालवा। शहर में नाबालिग स्कूली छात्राओं के साथ प्रेंक रील बनाना कुछ युवकों को भारी पड़ गया है। दरअसल, कोतवाली थाने में हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ युवक बिना अनुमति के छात्राओं के वीडियो बना रहे थे और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ये युवक एक निजी स्कूल के सामने खड़े होकर नाबालिग छात्राओं के साथ प्रेंक रील बना रहे थे। इस दौरान हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और दो युवकों को पकड़कर सीधे कोतवाली थाने ले गए। हिन्दू संगठनों ने आरोप लगाया है कि ये युवक न केवल छात्राओं के वीडियो बना रहे थे बल्कि बोर्ड पर आपत्तिजनक बातें लिखकर भी रील तैयार कर रहे थे। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और अन्य लोगों के साथ भी इस तरह के वीडियो बनाने की बात सामने आई है।
वहीं, बताया जा रहा है कि रील बनाने वाले युवक मुस्लिम समुदाय से हैं, जिसके चलते कोतवाली पुलिस मामले को बेहद सावधानी से संभाल रही है। पुलिस फिलहाल जांच में जुटी है।
