आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दाल तड़का में तड़का नहीं होने की छोटी-सी बात ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। ढाबे पर खाना खाने पहुंचे युवकों और स्टाफ के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में तब्दील हो गया।

जानकारी के मुताबिक फरियादी अपने दोस्तों के साथ ढाबे पर दाल तड़का खाने पहुंचा था। लेकिन जैसे ही प्लेट सामने आई, दाल में तड़का नदारद मिला। इसी बात को लेकर जब युवकों ने आपत्ति जताई तो ढाबा स्टाफ से कहासुनी शुरू हो गई।

कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे और चाकू निकल आए। आरोप है कि ढाबा स्टाफ और उसके साथियों ने मिलकर युवकों पर हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
