आगर मालवा। जिला मुख्यालय स्थित नेहरू स्मृति वन में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ उपेक्षा का मामला सामने आया है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जहां नगर के सभी शासकीय कार्यालयों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर साफ-सफाई, साज-सज्जा एवं लाइटिंग की समुचित व्यवस्था की गई, वहीं डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर किसी भी प्रकार की साफ-सफाई, साज-सज्जा अथवा प्रकाश व्यवस्था नहीं की गई।

इस लापरवाही को लेकर अंबेडकर अनुयायियों में भारी रोष देखा गया। नाराज अनुयायी मंत्री एवं कलेक्टर से मुलाकात करने के उद्देश्य से परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां उनकी पुलिस से कहासुनी हो गई। अनुयायियों का कहना है कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के साथ इस प्रकार की उपेक्षा उनकी भावना और सम्मान के साथ खिलवाड़ है।
अनुयायियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में सभी महापुरुषों के सम्मान में समान व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
