आगर मालवा। 06 जून को आमला में हुए विवाद को लेकर एक पक्ष के परिजनों ने कोतवाली पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह को शनिवार दोपहर 03 बजे आवेदन सौंपा।
आवेदन देने पहुंचे जिब्राइल मुल्तानी पिता रईस खान, इरफान पिता गनी खान, शहराज पिता गनी खान, इमरान पिता बाबू खान, ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते जमील खान, फरमान खान, रईस, सलीम, मुजफ्फर, इमरान और मिस्कीन ने उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। घायलों का उपचार शासकीय अस्पताल में हुआ और एमएलसी भी बनाई गई, बावजूद इसके आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रार्थियों का आरोप है कि राजनीतिक दबाव में आकर पुलिस ने उनके ही परिजनों को धारा 151 के तहत जेल भेज दिया, जबकि असल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
