आगर मालवा: जमीनी विवाद में पत्नी की हत्या, पति ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से किया हमला

आगर मालवा: जमीनी विवाद में पत्नी की हत्या, पति ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से किया हमला

राजकुमार – मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के सुसनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालरिया गांव में जमीनी विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद ने शुक्रवार हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर पति ने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन और ग्रामीण तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक और जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

You cannot copy content of this page