ओमप्रकाश – आगर मालवा जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं में बड़ा मतभेद देखने को मिला है, जिसमें नलखेड़ा जनपद पंचायत के 14 सदस्य द्वारा औपचारिक रूप से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से इस्तीफा देना सामने आया है, नलखेड़ा जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी सदस्य सोशल मीडिया पर संचालित हो रहे पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप से अपनी स्वेच्छा से बाहर हो गए, जिसके स्क्रीनशॉट सभी सदस्यों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए हैं। इस संबंध में सदस्यों की मंदिर में बैठक भी हुई जिसमें सर्वसम्मती से जनपद सदस्यों द्वारा यह फैसला लिया गया।
जनपद सदस्यों का कहना है कि पार्टी पदाधिकारियों द्वारा जनपद के कार्यों में बार-बार हस्तक्षेप किया जा रहा है। सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि संगठन के पदाधिकारी विकास कार्यो में सहयोग नहीं कर रहे और उनकी बात भी नहीं सुनी जा रही है। गौरतलब है कि नलखेड़ा जनपद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बीजेपी समर्थित होकर निर्विरोध चुने गए थे, लेकिन अब संगठन से बढ़ते मतभेद ने पार्टी के भीतर असंतोष की स्थिति पैदा कर दी है।जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे की रणनीति पर विचार करेंगे।
